उत्तराखंड

नैनीताल में बड़ा हादसा, दिल्ली-राजस्थान के पर्यटकों से भरी थार गहरी खाई में गिरी

नैनीताल में पर्यटकों की थार अनियंत्रित होकर करीब 100 से 150 फीट गहरी खाई में जा गिरी. हादसा नैनीताल-कालाढूंगी मार्ग पर खुर्पाताल के पास हुआ. वाहन में सवार पांच पर्यटक घायल हो गए. सूचना पर पुलिस और राहत-बचाव दल ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर घायलों को बाहर निकाला. सभी को बीडी पांडे अस्पताल लाया गया, जहां से हल्द्वानी रेफर किया गया.

नैनीताल जिले से वाहन दुर्घटनाग्रस्त की घटना सामने आई है. नैनीताल-कालाढूंगी मार्ग पर खुर्पाताल के पास पर्यटकों से भरी एक थार अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क से नीचे करीब 100 से 150 फीट गहरी खाई में जा गिरी. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई. बताया जा रहा है कि थार में पांच पर्यटक सवार थे, जो दिल्ली और राजस्थान से नैनीताल घूमने पहुंचे थे. वाहन सड़क से नीचे लुढ़कता हुआ खुर्पाताल झील के किनारे तक जा पहुंचा.

हादसे की सूचना मिलते ही नैनीताल पुलिस और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंच गया. खाई की गहराई और दुर्गम रास्ते के चलते रेस्क्यू टीम को घायलों तक पहुंचने में काफी मशक्कत करनी पड़ी. पुलिस और बचाव दल ने स्थानीय लोगों की मदद से अभियान शुरू किया और खाई में फंसे सभी पांच पर्यटकों को बाहर निकाला.

घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए नैनीताल के बीडी पांडे जिला अस्पताल पहुंचाया गया. चिकित्सकों ने घायलों की स्थिति का परीक्षण करने के बाद उन्हें प्राथमिक उपचार दिया. बताया जा रहा है कि घायलों की हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर उपचार के लिए हल्द्वानी के हायर सेंटर रेफर किया गया है. हादसे के बाद पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है. फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि वाहन किस वजह से अनियंत्रित हुआ. वहीं, हादसे ने एक बार फिर पहाड़ी सड़कों पर पर्यटकों की सुरक्षा और वाहन चलाते समय अतिरिक्त सतर्कता की जरूरत को सामने ला दिया है.





Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button