उत्तराखंड

पुलिसकर्मी पर युवती से कथित छेड़छाड़ का आरोप, विभाग ने सिपाही को किया लाइन हाजिर, देहरादून का मामला

राजधानी देहरादून से बड़ी खबर सामने आई है. देहरादून नगर कोतवाली क्षेत्र में युवती से कथित छेड़छाड़ का मामला सामने आया है. युवती से छेड़छाड़ का आरोप पुलिसकर्मी पर ही लगा है. मामला सामने आने के बाद पुलिस विभाग ने सिपाही को लाइन हाजिर कर दिया है. सिपाही के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर बुधवार को बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने लक्खीबाग चौकी के बाहर धरना-प्रदर्शन किया और सहारनपुर रोड पर जाम लगा दिया था. करीब डेढ़ घंटे तक चले प्रदर्शन से घंटाघर से धर्मपुर चौक तक यातायात प्रभावित रहा. पुलिस द्बारा बजरंग दल कार्यकर्ताओं को आश्वाशन के बाद जाम खोला गया.

बजरंग दल कार्यकर्ताओं का आरोप है कि युवती ने सिपाही पर छेड़छाड़ का आरोप लगाते हुए पुलिस को शिकायत दी थी, लेकिन पुलिस ने शिकायत के दो दिन बाद कोई कार्रवाई नहीं की. इसीलिए आखिर में बजरंग दल कार्यकर्ता लक्खीबाग चौकी और आरोपी सिपाही के खिलाफ कार्रवाई की मांग की.

सड़क पर बैठकर लगाया जाम: बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने बीच सड़क पर बैठकर सहारनपुर रोड को जाम किया. इससे घंटाघर व धर्मपुर चौक दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई. जाम में स्कूली बच्चों के साथ बड़ी संख्या में लोग फंसे रहे. कुछ मरीजों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा. स्थिति बिगड़ने पर कार्यकर्ता सड़क की दूसरी तरफ भी बैठ गए, जिससे दोनों ओर यातायात बाधित हो गया.

सूचना मिलने पर पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे. सीओ सिटी स्वप्निल मुयाल ने प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ताओं से बातचीत कर उन्हें समझाने का प्रयास किया. कार्यकर्ता आरोपी पुलिसकर्मी पर कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे. पुलिस अधिकारियों ने शाम पांच बजे तक कार्रवाई का भरोसा दिया, जिसके बाद करीब डेढ़ घंटे बाद प्रदर्शन समाप्त कर जाम खोल दिया गया.

बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी थी कि यदि शाम तक आरोपी सिपाही के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई तो शाम छह बजे घंटाघर पर जाम लगाया जाएगा. हालांकि, पुलिस विभाग की ओर से आरोपी सिपाही को लाइन हाजिर किए जाने के बाद फिलहाल प्रदर्शन समाप्त हो गया. वही सिपाही को लाइन हाजिर करने के बाद अब मामले में विभागीय स्तर पर जांच की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी. पुलिस अब शिकायत में लगाए गए आरोपों और घटनाक्रम से जुड़े तथ्यों की जांच करेगी. जांच में आरोप सही पाए जाने पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी.

सीओ सिटी स्वप्निल मुयाल ने बताया कि एक प्रकरण सामने आया था ,जिसमें महिला ने आरोप लगाया है कि एक पुलिसकर्मी ने उसके साथ अभद्र व्यवहार किया है, जिसके बाद कुछ लोगों में सड़क जाम भी किया. सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंच कर लोगों को आश्वाशन दिया गया है कि पूरे मामले की जांच की जायेगी. जांच में अगर कोई आरोपी पाया जाता है तो उसके खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी.





Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button